धर्मयुवाराजनीतिराजस्थानराज्य

“तीज की उमंग संग ‘लहरियों’ का रंग: भाजपा महिला मोर्चा का बड़ा आयोजन 15 जुलाई को”

जयपुर। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से 15 जुलाई को “रंग रंगीलो लहरिया महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला शक्ति, परंपरा और संस्कृति का जीवंत संगम देखने को मिलेगा। इस आयोजन के लिए भाजपा महिला मोर्चा की ओर से राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रक्षा भंडारी, नगर निगम ग्रेटर की महापौर सौम्या गुर्जर, हैरिटेज की महापौर कुसुम यादव, स्थानीय विधायक कालीचरण सर्राफ , जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल, सहित कई विशिष्ट जनों को निमंत्रण भेजा गया है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री जयश्री गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहर की अनेक महिलाएं भी भाग लेंगी। उन्होंने कहा, “राजस्थान को यूं ही ‘रंगीलो राजस्थान’ नहीं कहा जाता। सावन की तीज महिलाओं के लिए खास पर्व है। इस दिन महिलाएं लहरिया साड़ी पहनकर सजती-संवरती हैं, झूले झूलती हैं और उत्सव को पूरी उमंग से मनाती हैं।”

जयश्री गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं के लिए पारंपरिक झूले, मेहंदी, घेवर, लहरिया साड़ी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महिलाओं को भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ने और सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा, “भाजपा महिला मोर्चा सिर्फ एक मंच नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का माध्यम है। तीज जैसे उत्सवों के माध्यम से हम अपनी परंपराओं को सहेजने का प्रयास कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “सावन की तीज का महिलाओं के जीवन में विशेष महत्व होता है। महिलाएं महीनों पहले से इसकी तैयारी करती हैं – खासकर लहरिया की साड़ी के लिए। यह दिन सिर्फ सजने-संवरने का नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति से जुड़ने और रिश्तों को संवारने का भी होता है। यदि हमें इस दिन जयपुर की राजकुमारी के साथ कुछ समय साझा करने का अवसर मिलेगा, तो यह हमारे लिए गर्व की बात होगी।”

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक में महिला मोर्चा की  मूर्ति मीना, स्नेहा कंबोज, शकुंतला विजयवर्गीय, निकिता राठौड़, वर्तिका सेन, शिखा वेद, अंजलि शर्मा, अनुराधा माहेश्वरी और अंजू मिश्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!